
प्रभाकर कसौधन
Balrampur : शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में दीपावली पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। स्वदेशी परंपरा और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में 11 हजार मिट्टी के दीपक जलाए जाएंगे। मंदिर को आकर्षक लाइटिंग से सजाया जा रहा है। दीपोत्सव को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। दीपावली के दिन इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचेंगे ।
हर वर्ष के बाद इस वर्ष भी देवीपाटन पीठाधीश्वर महंत मिथिलेशनाथ योगी महाराज की ओर से सामाजिक सरोकारों के तहत जरूरतमंद बच्चों के बीच खुशियां बांटने की भी विशेष पहल की जाएगी। पीठाधीश्वर महाराज दीपावली के दिन देवीपाटन, जनकपुर, ननमहरा और आबर गौरा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में जरूरतमंद बच्चों को मिठाइयां और फुलझड़ियां वितरित करेंगे, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मना सकें। देवीपाटन पीठाधीश्वर महंत मिथिलेशनाथ योगी महाराज ने सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है।


0 Comments