राज्य कर विभाग ने आयोजित किया व्यापारी संवाद कार्यक्रम - Devipatan संदेश

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 9453104428

Post Top Ad


Sunday, 7 June 2026

राज्य कर विभाग ने आयोजित किया व्यापारी संवाद कार्यक्रम


प्रभाकर कसौधन 

Balrampur: व्यापारिक गतिविधियों के प्रोत्साहन, पंजीयन आधार के विस्तार, राजस्व वृद्धि तथा स्थानीय स्तर पर जीएसटी-2 सुधारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य कर विभाग द्वारा नगर तुलसीपुर स्थित एमडीएस सभागार में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों को जीएसटी से संबंधित नवीन प्रावधानों की जानकारी देते हुए कर व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। 

कार्यक्रम में अधिकारियों ने नए व्यापारियों को जीएसटी पंजीयन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पंजीकरण के माध्यम से व्यापारी शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही व्यापारियों और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने तथा पारदर्शी व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
मुख्य वक्ताओं के रूप में उपस्थित उपायुक्त बृजेश मिश्रा, उपायुक्त अभिषेक गुप्ता, सहायक आयुक्त डॉ. मनोज कुमार, सहायक आयुक्त प्रवीण सिंह तथा राज्य कर अधिकारी प्रवीण कुमार ने जीएसटी-2 सुधारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने व्यापारियों को समय से रिटर्न दाखिल करने, कर अनुपालन सुनिश्चित करने तथा जीएसटी पंजीकरण से संबंधित नई व्यवस्था ‘14ए’ के बारे में जानकारी दी। इसके अतिरिक्त कंपोजिशन योजना एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े व्यापारियों को इनवॉइसिंग, कर भुगतान और अन्य प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। 

 कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री विष्णु देव गुप्ता ने राज्य कर विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम व्यापारियों के बीच जीएसटी को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से व्यापारियों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है, जिससे उनके समाधान का मार्ग भी प्रशस्त होता है।

 
 कार्यक्रम का संचालन सहायक आयुक्त डॉ. मनोज कुमार ने किया। इस अवसर पर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामकुमार कसौधन, उपाध्यक्ष संतोष गुप्ता ‘राजू’, महामंत्री श्याम सुंदर गुप्ता, घनश्याम कसौधन, हिमांशु जिंदल, विशाल पांडेय, अनिल कसौधन, अधिवक्ता सत्य प्रकाश मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad