Balrampur: विकासखंड पचपेड़वा क्षेत्र के इमिलिया कोडर स्थित थारू सांस्कृतिक संग्रहालय परिसर में शुक्रवार को साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें करीब 280 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने से छात्राओं के चेहरे खिल उठे। उन्होंने इसे पढ़ाई के लिए उपयोगी बताते हुए खुशी जाहिर की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवीपाटन शक्तिपीठ के पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी महाराज ने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान ग्रामीणों ने पीठाधीश्वर का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। थारू विकास परियोजना, विशुनपुर विश्राम के परियोजना अधिकारी मोहित दुबे की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को कम करना रहा। ग्रामीण और थारू जनजाति बहुल क्षेत्रों में कई छात्राओं को विद्यालय पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में साइकिल मिलने से उनकी आवागमन संबंधी समस्याएं कम होंगी।
समारोह में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।




No comments:
Post a Comment