राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन परिसर का किया निरीक्षण
बलरामपुर। प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय, बलरामपुर के निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर स्थित कुलाधिपति वाटिका में मौलिसरी का पौधरोपण किया तथा निर्माणाधीन सरोवर का नामकरण “कुलाधिपति सरोवर” किया। राज्यपाल ने प्रशासनिक भवन, अकादमिक भवन, कुलपति आवास सहित अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा के एक सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।
इसके उपरांत राज्यपाल कलेक्ट्रेट पहुंचीं, जहां उन्होंने एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। आयोजित कैंप में 100 बच्चियों का टीकाकरण किया गया। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि बेटियों को स्वस्थ रखने के लिए सरकार विशेष अभियान चलाकर एचपीवी वायरस के विरुद्ध टीकाकरण करा रही है। उन्होंने बताया कि 9 से 14 वर्ष की आयु की बच्चियों को एचपीवी टीके की दो डोज लगाने से वे लगभग 95 प्रतिशत तक सुरक्षित रह सकती हैं, जबकि यह टीका 26 वर्ष की आयु तक लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में इंडस्ट्री और निजी कंपनियों का सहयोग भी लिया जाना चाहिए। परिवारों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे जागरूक बनें और अपनी बच्चियों का टीकाकरण अवश्य कराएं। राज्यपाल ने यह भी कहा कि तीन वर्ष का बच्चा अनिवार्य रूप से आंगनबाड़ी और छह वर्ष का बच्चा विद्यालय अवश्य जाए। विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब कोई भी बच्चा न बीमार रहे और न ही अशिक्षित। उच्च शिक्षा में किए गए सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के निर्देशन में शिक्षा व्यवस्था को अधिक लचीला बनाया गया है, जिससे विद्यार्थी अब फिजिक्स के साथ संगीत और केमिस्ट्री के साथ भाषा जैसे विषयों का भी अध्ययन कर सकते हैं। एक अभिभावक के रूप में बच्चियों को संबोधित करते हुए उन्होंने उन्हें अपना मार्ग स्वयं तय करने, पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और उज्ज्वल भविष्य बनाने की प्रेरणा दी। साथ ही बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं पर रोक लगाने के लिए सभी को जागरूक रहने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि परिवारों को ऐसे बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करना चाहिए। सभी को समान सम्मान मिले और सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इस दौरान राज्यपाल ने बच्चियों को पोषण किट तथा टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की।
इस अवसर पर मंडलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील, कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह, जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Tuesday, 10 February 2026
Home
Devi patan sandesh
UP Governor
up news
Up Governor: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन परिसर का किया निरीक्षण
Up Governor: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन परिसर का किया निरीक्षण
Tags
# Devi patan sandesh
# UP Governor
# up news
Share This
About Devipatan Sandesh
up news
Tags
Devi patan sandesh,
UP Governor,
up news
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
Post Bottom Ad
आप के मुद्दों की बात, खबरों के लिय जुड़े रहे...




No comments:
Post a Comment