Balrampur: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर बलरामपुर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले निर्माणाधीन मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया और परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देश देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का निर्माण हर हाल में मई 2026 तक पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री याेगी ने विश्वविद्यालय परिसर में मौलश्री का पौधा भी रोपा। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के मॉडल पर तैयार प्रेजेंटेशन देखा और कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने कुलपति को निर्देश दिया कि कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण हो सके।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की एकेडमिक बिल्डिंग, थियेटर क्लास, लैब सहित विभिन्न निर्माणाधीन हिस्सों का निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक पल्टूराम, एमएलसी साकेत मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, जिलाधिकारी विपिन जैन, कुलसचिव परमानंद सिंह तथा परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार मौर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने बलरामपुर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध संसाधनों तथा संचालन व्यवस्था की जानकारी ली और अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की।
समीक्षा बैठक के पश्चात मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट परिसर से तुलसीपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर मंदिर द्वारा संचालित आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल के भवनियापुर हेलीपैड पर उतरा, जहां से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका काफिला मंदिर परिसर पहुंचा। मंदिर पहुंचने पर शक्तिपीठ देवीपाटन के पीठाधीश्वर मिथलेश नाथ योगी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम करेंगे।
गुरुवार सुबह वह मां पाटेश्वरी का विधिवत दर्शन-पूजन करेंगे तथा मंदिर परिसर स्थित गौशाला में गोवंशों को चारा और गुड़ खिलाकर गोसेवा करेंगे। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह राजकीय हेलीकॉप्टर से अयोध्या के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।



No comments:
Post a Comment