आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में 67 जोड़ों का विवाह एवं निकाह संपन्न हुआ। समारोह में कार्यक्रम के दौरान नवदंपतियों एवं उनके परिजनों के चेहरों पर नए जीवन की शुरुआत की खुशी साफ झलक रही थी। इस अवसर पर अतिथियों ने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल विवाह संपन्न कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानपूर्वक अपनी बेटियों का विवाह कराने का अवसर प्रदान कर सामाजिक समानता और सद्भाव को भी मजबूत कर रही है।
सदर विधायक पलटूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जनहित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर ₹1 लाख कर दिया है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत ₹64,000 सीधे कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, ₹21,000 की उपहार सामग्री नवदंपति को उपलब्ध कराई जाती है, जबकि ₹15,000 विवाह समारोह के आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी , मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश सोनी, खंड विकास अधिकारी हरैया सतघरवा, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।



No comments:
Post a Comment