Balrampur: तुलसीपुर में व्यापार मंडल की बैठक, समस्याओं पर मंथन के साथ शोकसभा आयोजित - Devipatan संदेश

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 9453104428

Post Top Ad


Friday, 17 April 2026

Balrampur: तुलसीपुर में व्यापार मंडल की बैठक, समस्याओं पर मंथन के साथ शोकसभा आयोजित

Balrampur नगर के कलश चौराहा स्थित व्यापार मंडल कार्यालय पर आयोजित बैठक में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। बैठक की अध्यक्षता व्यापार मंडल अध्यक्ष रामकुमार कसौधन ने की। इस दौरान नगर के कई व्यापारी उपस्थित रहे और अपने व्यापार से जुड़ी परेशानियों को विस्तार से रखा। बैठक में व्यापारियों ने बाजार में घटती ग्राहक संख्या, बढ़ते करों का दबाव, नगर में साफ-सफाई की कमी, जाम और यातायात अव्यवस्था, अतिक्रमण तथा बिजली की अनियमित आपूर्ति जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों का कहना था कि इन समस्याओं के चलते उनके व्यापार पर लगातार नकारात्मक असर पड़ रहा है और आय में भी गिरावट देखी जा रही है। अध्यक्ष रामकुमार कसौधन ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि व्यापार मंडल इन मुद्दों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। जब तक व्यापारी संगठित होकर अपनी आवाज नहीं उठाएंगे, तब तक समस्याओं का स्थायी समाधान संभव नहीं है। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि किसी भी व्यापारी के साथ कोई भी समस्या हो, तो सभी मिलकर उसका समाधान कराने के लिए आगे आएं। बैठक में उपाध्यक्ष संतोष उर्फ राजू कसौधन ने भी व्यापारियों को संगठित रहने का संदेश दिया और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं महामंत्री श्याम सुंदर कसौधन ने पिछली बैठक के बिंदुओं की समीक्षा करते हुए उन पर हुई प्रगति की जानकारी दी तथा आने वाले कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के उपरांत व्यापार मंडल के संरक्षक राम जी आर्य के निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित सभी व्यापारियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन धारण किया। इसके पश्चात उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। सभी पदाधिकारियों और व्यापारियों ने उन्हें याद करते हुए उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ओमप्रकाश चौरसिया, कोषाध्यक्ष हिमांशु जिंदल, अभिषेक, अनिल कुमार कसौधन, गुप्ता सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे। बैठक का समापन एकजुटता और सहयोग के संकल्प के साथ हुआ।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad