तुलसीपुर में आयोग की सदस्या जनक नंदिनी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल ऑपरेशन थिएटर (ओटी), महिला वार्ड, लेबर रूम और जन औषधि केंद्र का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और मरीजों को मिल रही सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने महिला चिकित्सक डॉ. सौम्या से वार्ता कर सरकारी योजनाओं और सुविधाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा की। कुछ स्थानों पर सुधार की आवश्यकता महसूस होने पर उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के बाद जनक नंदिनी तहसील परिसर पहुंचीं, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की।
तहसील सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। लोगों ने बिजली, पानी, सड़क और राजस्व से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जनक नंदिनी ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं और कमियों की विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, जिससे विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके और जनसुविधाओं में सुधार सुनिश्चित हो सके।
इस दौरान बलरामपुर के क्षेत्राधिकारी ज्योति श्री, स्वास्थ्य विभाग, तहसील प्रशासन के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री एवं अन्य स्थानीय कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment