Balrampur : तहसील बलरामपुर सदर के ग्राम बेल्हा में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में बाढ़ चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर बाढ़ प्रबंधन से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा उनके सुझाव भी प्राप्त किए। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को बताया कि राप्ती नदी के कटान को रोकने के उद्देश्य से बाढ़ खंड द्वारा आवश्यक कटानरोधी कार्य कराए गए हैं, जिससे संभावित खतरे को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है।चौपाल में ग्रामीणों को बाढ़ चौकी, बाढ़ राहत केंद्र, राहत सामग्री वितरण व्यवस्था, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की प्रक्रिया तथा बाढ़ के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही आपदा की स्थिति में प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता एवं त्वरित राहत व्यवस्था की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासन और ग्रामीणों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को दें तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। इस दौरान जिलाधिकारी ने राप्ती नदी के कटान को रोकने हेतु ग्राम में बाढ़ खंड द्वारा कराए गए कटानरोधी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति राय, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड भारत लाल, सहायक अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment