Balrampur: तुलसीपुर में धूमधाम से मनाई गई भामाशाह जयंती, वरिष्ठ व्यापारी हुए सम्मानित - Devipatan संदेश

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 9453104428

Post Top Ad


Monday, 29 June 2026

Balrampur: तुलसीपुर में धूमधाम से मनाई गई भामाशाह जयंती, वरिष्ठ व्यापारी हुए सम्मानित

             कार्यक्रम में मौजूद व्यापारी

तुलसीपुर नगर के कलश चौराहा स्थित उद्योग व्यापार मंडल कार्यालय में सोमवार को उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में राष्ट्रभक्त दानवीर भामाशाह की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर के वरिष्ठ व्यापारियों को अध्यक्ष रामकुमार कसौधन के द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा भामाशाह के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

 
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ व्यापारी एवं भाजपा नेता विष्णु देव गुप्ता ने दानवीर भामाशाह के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद उपस्थित व्यापारियों ने भामाशाह के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामकुमार कसौधन ने कहा कि दानवीर भामाशाह भारतीय इतिहास के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपनी समस्त संपत्ति मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित कर दी। उन्होंने महाराणा प्रताप के संघर्ष के समय आर्थिक सहयोग देकर राष्ट्रहित और त्याग की ऐसी मिसाल प्रस्तुत की, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को भामाशाह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव आगे रहना चाहिए।

जयंती समारोह के दौरान संगठन की ओर से नगर के वरिष्ठ व्यापारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारिक वर्ग हमेशा सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के निर्वहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है तथा भविष्य में भी इसी भावना के साथ कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। अंत में सभी व्यापारियों ने भामाशाह के बताए मार्ग पर चलने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री श्याम सुंदर गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, अनिल गुप्ता, हिमांशु जिंदल, अमित अग्रवाल सहित नगर के अनेक व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad