Balrampur: जनपद के विकासखंड हर्रैया सतघरवा क्षेत्र अंतर्गत बरदौलिया बाजार में रविवार शाम सवर्ण आर्मी बलरामपुर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 19 अप्रैल को तहसील पयागपुर में आयोजित होने वाले भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सवर्ण आर्मी के जिला अध्यक्ष अभय कुमार शुक्ल ने कहा कि भगवान परशुराम केवल एक धार्मिक व्यक्तित्व ही नहीं, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनके आदर्शों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने बताया कि सवर्ण आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश पांडेय के नेतृत्व में 19 अप्रैल को पयागपुर तहसील परिसर के सामने भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।
संगठन के सचिव कन्हैया लाल तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत होती है। यदि हम संगठित रहेंगे तो समाज के हितों की रक्षा और विकास दोनों संभव हो सकेंगे। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
जिला मीडिया प्रभारी रोहित कुमार पांडेय ने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और एकजुटता का प्रतीक भी है। उन्होंने सभी सवर्ण समाज के लोगों को परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचने का निमंत्रण दिया और कहा कि यह आयोजन समाज को नई दिशा देने का कार्य करेगा।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष आशुतोष तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन लगातार समाज के हित में कार्य कर रहा है और इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। कोषाध्यक्ष अनुज कुमार तिवारी ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जानकारी दी और सभी से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर प्रिंस पांडेय, राजबहादुर पांडेय, तेज बहादुर पांडेय, राजेश कुमार मिश्र, दुर्गा प्रसाद तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी ने एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment