Balrampur: थाना ललिया क्षेत्र के दानीडीह गांव स्थित एक प्राचीन माता मंदिर में बीती रात अज्ञात लोगों के द्वारा खुदाई किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
मंदिर परिसर में अज्ञात व्यक्तियों ने करीब 3 से 4 फीट गहरा गड्ढा खोद दिया। इतना ही नहीं, मंदिर में स्थापित पवित्र पिंड को भी उसके स्थान से हटाकर बगल में खड़ा कर दिया गया। सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि अज्ञात लोगों द्वारा मंदिर में छिपे किसी कथित खजाने की तलाश में यह कृत्य किया गया है। इस घटना से लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। सूचना मिलते ही थाना ललिया प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तत्काल गड्ढे को भरवाकर मंदिर की पुनः स्थापना कराई तथा आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना ललिया पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment