युवाओं को स्मार्टफोन से दूरी बनाते हुए राष्ट्रभाव और ईमानदारी से कार्य करने को लेकर किया प्रेरित
बलरामपुर। ब्रम्हलीन महंत महेंद्र नाथ योगी का जीवन लोक कल्याण के लिए समर्पित रहा। वह एक सच्चे संत थे। देवीपाटन मदिर वा लोक कल्याण में उनका अमूल योगदान रहा। उक्त सबोधन सोमवार को देवीपाटन मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ योगी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कही।
सीएम योगी ने स्मरण दिलाया कि महंत महेंद्र नाथ योगी ने नेपाल सीमा पर बसे थारू समाज के बच्चों के लिए देवीपाटन मंदिर परिसर में निःशुल्क थारू छात्रावास की स्थापना की थी, जो आज भी निरंतर संचालित हो रहा है। इस छात्रावास से शिक्षा प्राप्त कर निकले अनेक विद्यार्थी आज देश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “एक संत का जीवन लोककल्याण के लिए ही होता है। ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ योगी ने अपने जीवन में जो कार्य शुरू किया, आज वह और अधिक विस्तृत रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है—गौ सेवा, आश्रमों का विकास, छात्रावास का विस्तार और शिक्षा के लिए CBSE स्कूल का संचालन इस दिशा में बड़े कदम हैं।”
सीएम योगी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि धर्म का अर्थ केवल पूजा-पाठ नहीं बल्कि समाज के प्रति कर्तव्य निभाना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। स्मार्टफोन के दुरुपयोग से समय बर्बाद होने की चेतावनी देते हुए कहा—“बुराई की नकल मत करो। शारीरिक और मानसिक श्रम ही जीवन की सफलता की आधारशिला है।” मुख्यमंत्री ने इस वर्ष को विशेष महत्व वाला बताते हुए कहा कि यह वर्ष कई ऐतिहासिक उपलब्धियों से जुड़ा है। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल, वीर बिरसा मुंडा और संविधान निर्माताओं के योगदान का स्मरण किया। कहा कि वंदे मातरम देश की एकता का प्रतीक है और भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा संविधान है, जो देश को एक सूत्र में जोड़ता है। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण युवाओं को सचेत रहने, राष्ट्रविरोधी तत्वों से सावधान रहने और सकारात्मक भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में जुटने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में नैमिषारण्य से महंत विद्या चैतन्य, धर्मदास महाराज (हनुमानगढ़ी, अयोध्या), बलराम दास महाराज (अयोध्या), पूर्व सांसद अभिषेक प्रताप शाह (नेपाल), पूर्व सांसद दद्दन मिश्रा, जिलापंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, पलटूराम, राम प्रताप वर्मा, रामफेरन पांडेय, धीरेंद्र सिंह ‘धीरू’ , भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा , पूर्व विधायक डुमरियागंज राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक संत, जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। देवीपाटन मंदिर पर ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ योगी के 25वीं पुण्यतिथि पर छह नवंबर से श्रीमद्भागवत कथा चल रहा है। कार्यक्रम के आज पांचवें दिन सीएम योगी ने पहुंच ब्रह्मलीन को श्रद्धांजलि अर्पित की। आज रात्रि सीएम देवीपाटन मंदिर में रात्रि विश्राम करेंगे। कल मंगलवार की सुबह मां पाटेश्वरी जी के दर्शन पूजन कर यहां से रवाना होगे। मंदिर पर कल श्रीमद्भागत कथा का समापन वा भंडारा आयोजित होगा।

No comments:
Post a Comment