Balrampur : 19 मार्च से प्रारंभ हो रहे प्रसिद्ध चैत्र नवरात्रि मेले को लेकर देवीपाटन मंदिर में तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले के दौरान सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी और पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे की जाएगी। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने देवीपाटन पीठाधीश्वर मिथलेश नाथ योगी महाराज के अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, यातायात और आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 2 जोन एवं 12 सेक्टर में विभाजित कर निगरानी की जाएगी। लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग की व्यवस्था रहेगी। पर्याप्त पुलिस बल, महिला पीएसी, होमगार्ड, रैपिड एक्शन फोर्स, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी, गोताखोर, डॉग स्क्वॉड, जल एवं फ्लड पुलिस की तैनाती की जाएगी। मेले से पूर्व ड्रोन सर्वे कराया जाएगा तथा प्रवेश द्वारों पर एफएमडी लगाए जाएंगे। मेला परिसर में अस्थायी पुलिस थाना भी स्थापित किया जाएगा।
बिजली, प्रकाश एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था
19 मार्च 2026 से एक माह तक मंदिर एवं मेला परिसर को विद्युत कटौती से मुक्त रखा जाएगा। 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ स्टैंड-बाय ट्रांसफार्मर एवं मेंटेनेंस स्टाफ की तैनाती रहेगी। जर्जर तारों का प्रतिस्थापन एवं प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए पानी के टैंकर, वाटर एटीएम तथा इंडिया मार्का हैंडपंपों की मरम्मत एवं रीबोर कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
मेला परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र स्थापित कर चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम की 24 घंटे तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई जाएगी। नियमित फॉगिंग एवं पेयजल में क्लोरीन की गोलियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
स्वच्छता के लिए 400 सफाई कर्मियों की तीन शिफ्टों में तैनाती की जाएगी। नगर पंचायत द्वारा अतिरिक्त सफाई कर्मी लगाए जाएंगे। मोबाइल टॉयलेट, रैन बसेरा एवं खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
यातायात एवं परिवहन व्यवस्था सुगम
मंदिर तक आने वाले मार्गों की मरम्मत एवं चौड़ीकरण कराया जा रहा है। पार्किंग स्थलों की समुचित व्यवस्था, साइनेज, इंडिकेटर एवं मंदिर का मैप लगाया जाएगा। रोडवेज बसों का अतिरिक्त संचालन कराया जाएगा तथा बसों की समय-सारणी प्रदर्शित की जाएगी। अतिरिक्त ट्रेन संचालन एवं प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज के लिए उच्च स्तर पर पत्राचार किया जाएगा। रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर बढ़ाने एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशन के पास श्रद्धालुओं के लिए रैन बसेरा बनाया जाएगा। मेले की जानकारी के प्रसारण हेतु 8 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।
आधारभूत सुविधाओं को किया जाएगा मजबूत
निर्माणाधीन ओवरब्रिज क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, अग्निशमन दस्ता तैनात करने, उचित मूल्य पर रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा प्रमुख मार्गों पर पेट्रोल पंप 24 घंटे संचालित रखने के निर्देश दिए गए हैं। कुंड में जल पुलिस की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।
कृषि मेला एवं योजनाओं के स्टॉल
मेले में कृषि मेला आयोजित किया जाएगा तथा विभिन्न विभागों द्वारा शासन की कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को जागरूक किया जाएगा।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे, एसडीएम तुलसीपुर राकेश जयंत, सीओ तुलसीपुर, अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत तुलसीपुर सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभाग समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से तैयारियां पूर्ण करें, ताकि चैत्र नवरात्रि मेला शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।




No comments:
Post a Comment