Road Accident in Nepal: नेपाल में बस अनियंत्रित होने से 25 भारतीय पर्यटक घायल - Devipatan संदेश

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 9453104428

Post Top Ad


Friday, 18 April 2025

Road Accident in Nepal: नेपाल में बस अनियंत्रित होने से 25 भारतीय पर्यटक घायल

पोखरा जा रही टूरिस्ट बस के ब्रेक फेल, चालक ने दीवार से टकरा कर बचाई कई जानें

बलरामपुर। नेपाल के दांग जिले के चिसापानी क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जब भारत से जा रही एक पर्यटक बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 25 भारतीय यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से नेपाल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पोखरा जा रही एक फोर्स बस (यूपी 32 एमएन 9566) के ब्रेक अचानक फेल हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक अहमद इलियाद ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे दीवार से टकराकर रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।


घटना की सूचना मिलते ही नेपाली पुलिस और स्थानीय राहत दल मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को पहले गढ़वा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भारत के बलरामपुर जनपद के तुलसीपुर स्थित सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया।


घायलों में लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर, हरदोई सहित कई जनपदों के यात्री शामिल हैं। जिन प्रमुख घायलों के नाम सामने आए हैं उनमें दुर्गेश मिश्रा, आशुतोष तिवारी, अंजन श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, प्रेम चंद पौथा, लल्लन यादव, अतुल शुक्ला, सचिदान चंद सिंह, राहुल त्रिपाठी, अभिषेक तिवारी, सतीश वर्मा, आदित्य प्रकाश शुक्ला, दिनेश यादव, अरविन्द कुमार, राहुल तिवारी, आदित्य श्रीवास्तव, रवि कुमार श्रीवास्तव, मनोज वर्मा, अविनाश मिश्रा, शरद पांडे, आदित्य बराल शुक्ला, विवेक त्रिवेदी और गोबिंद द्विवेदी शामिल हैं।

हादसे में अधिकांश यात्रियों को सिर, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। तीन यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, घटना के बाद बस चालक अहमद इलियाद को नेपाली पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।

घटना के संबंध में रायबरेली निवासी घायल राहुल त्रिपाठी ने बताया कि यह यात्रा अशोक लीलैंड कंपनी द्वारा आयोजित टूर का हिस्सा थी, जिसमें कुल 23 लोग शामिल थे। हादसे के बाद नेपाल में उपचार के बाद सभी को तुलसीपुर लाया गया, जहां से उन्हें उनके गृह जनपद भेजा जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad